Monday, April 21, 2014

'मोदी ने गुजरात को 1 मिनट में चमका दिया'

कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बीकेसी मैदान पर आयोजित चुनाव सभा में यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पार्टी का विजन भी रखा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के सत्ता में लौटने पर सबसे पहले महिला आरक्षण दिया जाएगा।
राहुल ने कहा कि यूपीए सरकार ने 15 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला और सत्ता में लौटने पर वह मिडल क्लास के 75 करोड़ लोगों का जीवन स्तर सुधारेगी।
महाराष्ट्र के आखिरी और तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में सोनिया गांधी आने वाली थीं, लेकिन वह नहीं आ सकीं। पार्टी की ओर से सफाई दी गई कि सोनिया ने तबीयत होने के कारण राहुल को मुंबई में चुनाव प्रचार के लिए भेजा।
भारी पुलिस व्यवस्था के बीच आयोजित रैली में कांग्रेस के सभी आला नेता थे, लेकिन गठबंधन की पार्टी एनसीपी के प्रमुख शरद पवार नहीं थे। इस बाबत एनसपी नेता जयंत पाटील ने सफाई दी कि जिस हेलिकॉप्टर से पवार आने वाले थे, उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण वह नहीं आ सके।
चुनावी चाशनी वाले संबोधन में राहुल गांधी ने यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने मुंबई के मोनो, मेट्रो, सी-लिंक और फ्री-वे तक को गिना डाला। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में यूपीए सरकार ने खाद्य सुरक्षा बिल, मनरेगा और सूचना का अधिकार दिया।
मुंबई के बारे में बोलते हुए राहुल ने कहा कि यह देश की आर्थिक नगरी है। पूरा देश जानता है कि मुंबई की क्या शक्ति है। सब यहां आने का सपना देखते हैं। यह ऐसा शहर है जहां पर सब लोग मिलकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम अमीर-गरीब और हिंदू-मुस्लिम के बीच पार्टनरशिप चाहते हैं, ताकि सभी साथ मिलकर काम करें। राहुल ने कहा कि बीजेपी में बीजेपी के पोस्टर लगे हैं, जिनमें लिखा है कि महिलाओं को शक्ति देंगे। उन्होंने कहा, 'उस पोस्टर में महिला तो कहीं हैं नहीं, मोदी जरूर हैं। मुंबई में महिलाएं बिना घबराए चलती हैं, तो इसलिए क्योंकि यहां पर आप लोगों की सोच उनकी सुरक्षा करती है।

राहुल के वादे
- लोकसभा और विधानसभाओं में 33 पर्सेंट महिला आरक्षण लागू किया जाएगा
- पुलिस फोर्स में 25 पर्सेंट महिलाएं होंगी
- 2,000 महिला पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे

'मोदी ने गुजरात को मिनट में चमका दिया'
राहुल ने गुजरात मॉडल, महिला जासूसी कांड और अडानी ग्रुप से रिश्तों को लेकर मोदी पर लगातार कई हमले किए। जिस वक्त राहुल यूपीए की उपलब्धियां गिना रहे थे, उस वक्त भीड़ में से कुछ लोग मोदी पर कुछ कहने की मांग करने लगे। इस पर राहुल ने कहा कि मैं मोदी जी पर भी आऊंगा। बाद में उन्होंने जब नरेंद्र मोदी पर बात करना शुरू किया तो कई मुद्दों को लेकर उन पर निशाना साधा। राहुल ने तंज कसते हुए कहा, 'मोदी जी से पहले 60 साल तक गुजरात मरा पड़ा था। जनता सो रही थी और उसने कुछ नहीं किया। मगर जैसे ही मोदी आए, गुजरात जगा और 1 मिनट में उन्होंने इसे चमका दिया।'
मुंबई में राहुल ने कहा कि हम आपको सपने दिखाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि आपके बच्चे बड़े से बड़े सपने देखें और वे अंग्रेजी बोलें और प्लेन में बैठकर अमेरिका जाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारी सरकार ने आपको सूचना, रोजगार, शिक्षा और भोजन का अधिकार दिया है, वैसी ही सरकार बनने पर आपको स्वास्थ्य और आवास का अधिकार दिया जाएगा।


No comments:

Post a Comment