Saturday, March 5, 2016

आरोपी पर वासी, मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में लूटपाट अंजाम देने के आरोप

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के एक करोड़पति पूर्व ग्राम प्रधान असलम इस्राइल शेख को दरवाजे का ताला तोड़ कर लूटपाट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर वासी, मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में लूटपाट अंजाम देने के आरोप हैं। माणिकपुर थाना ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मदद से बुधवार देर रात आरोपी को उसके गांव में गिरफ्तार किया।
प्रतापगढ़ के रामपुर राजवाड़ी ग्रामसभा का असलम 2010 से 2015 के बीच ग्राम प्रधान रह चुका है। 2015 से 2020 के लिए हुए चुनाव में उसका छोटा भाई मैदान में उतरा लेकिन बुरी तरह पराजित हुआ। असलम के पास एक ढाबा, कई दुकानें, एक्सयूवी कारें और कई एकड़ खेती की जमीन है। लूटे गए धन से उसने चुनाव लड़ा और राजनीतिक प्रचार किया।
वासी में एक आवासीय सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसे रंगे हाथों कैद किया गया था। उसके फुटेज को पुलिस ने शहर के सभी थानों और अपने मुखबिरों को उपलब्ध कराया। एक मुखबिर ने उसे असलम के रूप में पहचाना। पुलिस ने पाया कि वर्ष 2014 में वासी पुलिस ने उसे ताला तोड़ने के एक मामले में गिरफ्तार किया था।