Friday, June 19, 2009

लड़की से मुंबई के कई स्थानों पर जबरदस्ती धंधा कराती रही।

मुंबई में वर्सोवा पुलिस ने दिल्ली की एक मॉडल रजनी भारती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि वह अपनी 17 साल की नौकरानी से मुंबई, पुणे और सूरत में जबरन 'धंधा' कराती थी। वैसे, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रजनी टीवी विज्ञापनों में काम कर चुकी है। वह मुंबई के यारी रोड एरिया में अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी।
एक अधिकारी ने बताया कि भारती दंपती के घर में एक महिला करीब एक दशक से काम करती थी। जब रजनी 2007 में दूसरी बार प्रेगनंट हुई तो महिला ने अपनी भतीजी को भी काम पर लगा लिया। मगर कुछ समय बाद वह महिला बाहर चली गई और रजनी का पति भी किसी काम से बाहर चला गया। भतीजी उनके घर में काम करती रही। अधिकारी ने कहा कि एक दिन लड़की को नशीली चीज मिलाकर सॉफ्ट ड्रिंक पीने के लिए दिया गया। ड्रिंक पीने से लड़की सो गई। अगली सुबह जब वह जगी तो उसने देखा कि उसके कपड़ों पर खून के धब्बे हैं। तब उसे लगा कि उसके साथ रेप हुआ है। उसे याद आया कि उसने अपने कमरे में एक अजनबी को देखा था। अधिकारी ने बताया कि जब लड़की ने इस बारे में रजनी से बात की तो उसने स्वीकार किया कि उसके कमरे में कल नंदू नाम का आदमी था और उसने उससे 50 हजार रुपए लिए हैं। रजनी ने लड़की को धमकी दी कि वह इस वाकये के बारे में किसी को नहीं बताए। अगले कुछ महीनों तक रजनी उस लड़की से मुंबई के कई स्थानों पर जबरदस्ती धंधा कराती रही।
इस साल जनवरी में, रजनी उस लड़की को लेकर पुणे गई। उसने लड़की से कहा कि वहां एक फिल्म की शूटिंग होनी है। मगर वहां एक फ्लैट में रजनी ने उस लड़की से हफ्ते भर वेश्यावृत्ति कराई। एक बार रजनी उसे लेकर एक होटेल भी गई। उसी रात पुलिस ने होटल पर छापा मारा और वहां वह लड़की अन्य तीन लड़कियों के साथ पकड़ी गई।

अधिकारी ने कहा कि जब इसकी खबर रजनी को लगी तो वह एक वकील को लेकर कोर्ट में आई। उसने उस लड़की की जमानत राशि भरी। इसके बाद वे मुंबई लौट गए। रजनी 8 मई को उस लड़की को लेकर सूरत चली गई। वहां भरत नाम के एक आदमी ने उस लड़की को बाध्य किया कि वह 8 ग्राहकों को खुश करे। नतीजा यह हुआ कि लड़की बीमार हो गई। इसके बावजूद रजनी को उसकी हालत पर रहम नहीं आया और उसने उसे दो नौकरों के साथ अहमदाबाद भेजने का फैसला किया। रजनी और पूरा ग्रुप 18 मई को सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच, लड़की ने किसी तरह उन्हें चकमा दे दिया और वह दूसरी ट्रेन पकड़ कर मुंबई आ गई।

लड़की ने अब अपनी चाची को पूरी कहानी बताई। तब उसकी चाची ने रजनी के पति को सूचना दी। उसे सदमा लगा। उसने कहा कि उसे इस बारे में कुछ भी नहीं मालूम है। वह लड़की और उसकी चाची को साथ लेकर पुलिस स्टेशन गया और वहां रजनी, नंदू और भरत के खिलाफ रेप, माइनर को वेश्यावृत्ति के लिए बेचने और धमकाने का केस दर्ज कराया।

No comments:

Post a Comment