Thursday, September 19, 2013

नई कार्यकारणी में पहली बार एक-तिहाई पद हिंदीभाषियों को बहाल

मुंबई बीजेपी की नई कार्यकारणी में पहली बार एक-तिहाई पद हिंदीभाषियों को बहाल किए गए हैं। नए अध्यक्ष आशीष शेलार की इस 'छप्पर फाड़ सौगात' के पीछे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के वरदहस्त की अहम भूमिका मानी जा रही है। 
राजनीतिक तौर पर इसे हिंदीभाषी वोट बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों मुंबई यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने शेलार की हिंदी भाषी रणनीति को स्वीकृति दी है। शेलार के राजनाथ से बेहद करीबी संबंध बताए जाते हैं।
 
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष पद पर मराठी भाषी शेलार की नियुक्ति के बाद पार्टी में एक प्रबल वर्ग हिंदी भाषियों को हाशिए पर भेजे जाने की भविष्यवाणी करने में जुटा हुआ था। कुल 28 पदाधिकारियों में नौ हिंदी भाषियों की नियुक्ति करके शेलार ने उनकी बोलती बंद कर दी है।
 
मुंबई बीजेपी के 10 उपाध्यक्षों में चार- दीनानाथ तिवारी, संजय उपाध्याय, करुणाशंकर ओझा और अमरजीत सिंह- हिंदी भाषी हैं। चारों अनुभवी हैं और इससे पहले भी पार्टी के प्रमुख पदों पर रह चुके हैं। सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन अमरजीत मिश्रा की महासचिव पद पर नियुक्ति है। मुंबई में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में बेहद सक्रिय मिश्रा को उत्तरभारतीय मोर्चा के सीमित दायरे से ऊपर उठकर काम दिखाने का अवसर दिया गया है।
 
इसी तरह पुराने दिग्गज विवेकानंद गुप्ता और विनोद मिश्रा के साथ युवा चेहरे संतोष सिंह को भी मंत्री पद की जिम्मदारी दी गई है। इसके अलावा, जानेमाने उद्यमी व समाजसेवी सुरेशभाई अग्रवाल को सह-कोषाध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया है।
 
इतना ही नहीं, मुंबई युवा मोर्चा के अध्यक्ष पर भी गणेश पांडे को मौका दिया गया है। योगेश वर्मा को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। नगरसेवक ज्ञानमूर्ति शर्मा उत्तर भारतीय मोर्चा की कमान संभालेंगे। इसी क्रम से जुड़े घटनाक्रम में ओमप्रकाश चौहान को महाराष्ट्र बीजेपी मीडिया सेल का सदस्य नियुक्त किया गया है।


No comments:

Post a Comment