Wednesday, November 17, 2010

आदर्श घोटाले में लिप्त अफसरों को दंडित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार ने मंगलवार को यहां बताया कि 26 नवंबर 2008 में आतंकवादी हमले के बाद राजनीतिज्ञों को दंड दिया गया पर अफसरों को सजा नहीं दी गई। इस बार सरकार यह गलती नहीं दोहराएंगी। आदर्श घोटाले में लिप्त अफसरों को दंडित किया जाएगा। मंत्रालय में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि यह आम धारणा बनती जा रही हैं कि अफसरों का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। राजनीतिज्ञों में भी यह भावना बढ़ी हैं कि अफसरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना आवश्यक हो गया है। वे इस भावना को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उनकी नई सरकार इस दिशा में उचित कदम उठाएगी। उल्लेखनीय है कि आदर्श घोटाले में लगभग एक दर्जन सीनियर सचिवों का रोल होने की चर्चा है। इनके रिश्तेदारों को आदर्श में फ्लैट आबंटित हुए है। इस बीच पवार ने बताया कि एनसीपी के मंत्रियों की सूची तैयार है। कांग्रेस का फैसला हो जाने पर एनसीपी की सूची भी घोषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को ईद की छुट्टी है अत: मंत्रियों की शपथ का समारोह गुरुवार को होने की संभावना है। उनके विभागों के बारे में निर्णय बाद में होगा। सूत्रों ने बताया कि एनसीपी में विभागों में भारी फेरबदल किए जाने वाले हैं। दादा को हाईप्रोफाइल होम मिलने की चर्चा है। बहरहाल मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण मंगलवार को मंत्रालय में दो बैठकें करने वाले थे। एक बैठक महाराष्ट्र में बे वक्त हुई बारिश के कारण फसलों के नुकसान का जायजा लेने के लिए थी। पर वे रात तक मुंबई नहीं आये। दादा उनका इंतजार करते रहे। दूसरी बैठक ईद के मद्दे नजर कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए थी।

No comments:

Post a Comment