Friday, March 28, 2014

नरेंद्र मोदी के नाम और उनके चित्रों का 'दुरुपयोग'

राज ठाकरे की एमएनएस से शुरुआत में बढ़ाई गई दोस्ती अब शायद बीजेपी को रास नहीं आ रही। पार्टी ने पोस्टरों और प्रचार में नरेंद्र मोदी के नाम और उनके चित्रों का 'दुरुपयोग' करने वालों पर रोक लगाने की मांग की है। मुंबई की दो दिन की यात्रा पर आए मुख्य चुनाव आयुक्त वी.एस. संपत से बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई ने इस चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि पार्टी ने कहीं भी एमएनएस के नाम का उल्लेख नहीं किया है, मगर चुनाव आयुक्त को दिए ज्ञापन में संकेत साफ है। ज्ञापन में कहा गया है कि 'हमें पता चला है कि कुछ पार्टियां और व्यक्ति (जनता को) भ्रमित करके भ्रष्ट तरीके से मोदी के चित्रों, प्रतीकों और उनके नाम का इस्तेमाल बैनरों और पोस्टरों पर कर रहे हैं। वो वोटरों के सामने ऐसे बन रहे है कि उनका हमारी पार्टी के साथ गठबंधन है, ताकि वोटर भ्रमित होकर उन्हें वोट दे दें।'
बीजेपी चुनाव समिति के वॉर रूम के इंचार्ज श्रीकांत भरतिया, महासचिव अतुल भातखलकर और मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। बताया जाता है कि उन्होंने यह भ्रम राज्यभर में फैलाए जाने की शिकायत की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके 'महायुति' गठबंधन में बीजेपी, शिवसेना, रिपब्लिकन (आरपीआई-ए), राष्ट्रीय समाज पक्ष और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन- यहीं 5 पार्टियां शामिल हैं। इनके अलावा कोई और पार्टी हमारे गठबंधन में शामिल नहीं है। इसलिए उन्हें हमारे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी के प्रतीक, चित्र, नारों और नाम का इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है।

Monday, March 24, 2014

चुनाव में एमएनएस सिर्फ हराने का काम कर रही

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शनिवार को ऐरोली में आयोजित कार्यकर्ता रैली में एमएनएस और एनसीपी के बीच छिपे गठबंधन का आरोप लगाया है। उनका कहना है चुनाव में एमएनएस सिर्फ हराने का काम कर रही है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, एनसीपी बिकाऊ और गद्दारों की पार्टी है। पार्टी मुखिया शरद पवार हमेशा इस ताक में रहते हैं कि कहाँ से क्या मिल सकता है।
कांग्रेस के बारे में ठाकरे ने कहा कि यह आत्मविश्वास-विहीन पार्टी है। एनडीए गठबंधन ने बहुत पहले ही मोदी के रूप में पीएम कंडीडेट घोषित कर दिया, किंतु कांग्रेस के यूपीए ने अभी तक यह साहस क्यों नहीं दिखाया? गुजरात दंगों का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने सवाल उठाया कि उन्हें सिर्फ गुजरात दंगे दिखाई देते हैं, आखिर ये लोग गोधरा रेल सामूहिक हत्याकांड पर चुप्पी क्यों साध लेते हैं।
शिर्डी लोकसभा क्षेत्र के बारे में उद्धव ने स्पष्ट किया कि अभी इस सीट के प्रत्याशी का फैसला नहीं किया गया है। दो-चार दिन में प्रत्याशी के नाम की घोषणा करने की बात कही।

Friday, March 21, 2014

गोवा से बैंगलोर जाने वाले फ्लाइट में खेली गई होली का वीडियो

होली के अवसर पर उड़ान के दौरान फ्लाइट में डांस आयोजित करना और होली मनाना स्पाइसजेट को काफी भारी पड़ रहा है। गोवा से बैंगलोर जाने वाले फ्लाइट में खेली गई होली का वीडियो इंटरनेट पर फैलने के बाद डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने स्पाइसजेट एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें नियामक संस्था ने एयर लाइन से चार प्रश्न किए है। डीजीसीए ने पूछा है कि क्यों न आपके लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया जाए। गौरतलब है कि स्पाइसजेट ने पहले ही अपने दो दोषी पायलटों को सस्पेंड कर दिया है। 
डीजीसीए ने अपने नोटिस में कहा है कि इस हरकत से यात्रियों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता था और लोगों के डांस करने से फ्लाइट का संतुलन खराब हो सकता था। ऐसे में एयरलाइन का लाइसेंस रद किया जाना जरूरी है। डीजीसीए ने एयरलाइन को नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। जवाब में कंपनी के गुड़गांव मुख्यालय से जुड़े प्रवक्ता का कहना है कि डांस यात्रियों को खुश करने के लिए किया गया था, ढ़ाई मिनट के डांस से फ्लाइट का बैलेंस ख़राब होने की संभावना निराधार है। कंपनी ने नियामक को सहयोग देने का भरोसा जताया है। कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक नियामक को शीघ्र जवाब भेजा जाएगा। जवाब भेजने के लिए कंपनी विमान निर्माता बोईंग से सहायता ले रही है, जिससे यह सिद्ध किया जा सके कि चंद मिनटों के डांस से फ्लाइट पर असर नहीं होता।
 

Tuesday, March 18, 2014

ठाणे बीजेपी में आतंरिक कलह रुकने का नाम नहीं ले रहा

एक तरफ जहां नरेंद्र मोदी को प्रधानमत्री बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी ने एड़ी छोटी का जोर लगाया है, वहीं दूसरी तरफ ठाणे बीजेपी में आतंरिक कलह रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आतंरिक कलह से परेशान शहर बीजेपी अध्यक्ष मिलिंद पाटणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
पिछले दिनों पाटणकर ने शहर की नई कार्यकारणी घोषित की थी। कार्यकारणी का विरोध करते हुए स्थानीय पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र फडणवीस के पास शिकायत की थी। जिसके बाद फडणवीस ने नई कार्यकारणी पर स्टे लगा दिया था। इससे नाराज शहर बीजेपी अध्यक्ष मिलिंद पाटणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 23 दिसंबर को ठाणे मनपा ट्रांसपोर्ट कमिटी के लिए हुए चुनाव के दौरान पाटणकर द्वारा बागी सदस्य अजय जोशी का साथ दिए जाने से नाराज शिवसेना बीजेपी के कुछ लोगों ने पाटणकर के साथ मारपीट की थी। इसके बाद नई कार्यकारणी में पाटणकर ने विरोधियों को कोई जगह नहीं दी थी। इसलिए उस पर स्टे लगा दिया गया।
दूसरी तरफ स्टैंडिंग कमिटी में सदस्य पद को लेकर भी बीजेपी में खींचतान जोरों पर चल रही है। बीजेपी के 8 नगरसेवकों में से 4 को अभी तक किसी भी समिति में सदस्य बनने का मौका नहीं मिला है। नाराज नगरसेवक राजकुमार यादव, आशा शेरबहादुर सिंह, रेखा पाटिल,तथा प्रतिमा लोखंडे कि मांग है की इस बार उनके बीच से लोगो को मेंबर बनाया जाये। इन नाराज नगरसेवकों ने भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओ नितिन गडकरी, गोपीनाथ मुंडे, विनोद तावड़े तथा देवेंद्र फडणवीस के पास अपनी गुहार लगाई है। बीजेपी में शुरू इस कलह का नुकसान आगामी लोकसभा चुनाव में शिवसेना बीजेपी के उम्मीदवार को भुगतना पड़ सकता है।

Friday, March 14, 2014

उद्धव ठाकरे ने शिवसेना से गठबंधन से स्पीड ब्रेकर हटाने को कहा

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शिवसेना से गठबंधन से स्पीड ब्रेकर हटाने को कहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दो दिन के भीतर उनसे स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। गुरुवार को नितिन गडकरी पर परोक्ष रुप से हमला करते हुए कहा कि बीजेपी को उन नेताओं ने निपटना चाहिए जो गठबंधन में दरार डालने का प्रयास कर रहे हैं।
उद्धव ने संवाददाताओं से कहा, 'हम इस महायुति (पांच दलों का गठबंधन) को नहीं तोड़ना चाहते। अभी इस महायुति में कोई खरोंच नहीं आई है। हमारे गठबंधन के पक्ष में माहौल है और यह गठबंधन केंद्र एवं राज्य की सत्ता में आ रहा है। ऐसे में कोई नेता दरार पैदा करने की कोशिश करे तो उसकी पार्टी को उसे ऐसा करने से रोकना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'महायुति अब भी मजबूत है बहरहाल, किसी को हमें मूर्ख बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।' गडकरी की एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात करने के बाद से ही शिवसेना नाराज दिख रही है। उद्धव ने दोहराया कि बीजेपी नेतृत्व को सिर्फ एक नेता को अधिकृत करना चाहिए जो राज्य के मामलों को देख सके। उन्होंने कहा, 'एक दिन पहले राजनाथ सिंह ने मुझे फोन किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी की बैठक के बाद अगले दो दिनों में वह मुझे फिर से फोन करेंगे।'
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि राजनाथ सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि बीजेपी एनडीए में किसी नए दल को शामिल नहीं करेगी। उन्होंने कहा, 'राजनाथ सिंह, नरेंद्र मोदी, देवेंद्र फडणवीस तथा मैं एक साझा लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं। कुछ लोग हमारे प्रयास में अवरोध पैदा करने की कोशिश में हैं। उनके दलों के नेतृत्व को उन्हें ऐसा करने से रोकना चाहिए।' पूर्व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुधीर मुनगंटीवार ने उद्धव पर टीका-टिप्पणी की है। इसी संदर्भ में किसी का नाम लिए बगैर उद्धव ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष उनसे बातचीत कर रहे हैं तो फिर किसी दूसरे को इसमें दखल नहीं देना चाहिए।

Wednesday, March 12, 2014

मेंबर(स्टाफ) महेश कुमार सहित सभी आरोपियों के खिलाफ अभियोग निर्धारित करने का निर्देश

10 करोड़ के रेलवे घूसकांड मामले में पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे विजय कुमार सिंगला और नौ अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा शुरू हो गया है। अदालत ने मंगलवार को सभी 10 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी(आपराधिक साजिश) और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आरोप तय किए।
आरोपियों ने खुद को दोषी मानने से इनकार कर दिया जिसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ मुकदमा शुरू करने का निर्देश दिया। आरोपियों ने स्पेशल सीबीआई जज स्वर्ण कांता शर्मा के सामने कहा कि वे खुद को दोषी नहीं मानते। उन्होंने ट्रायल के लिए दावा पेश किया। इसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई 25 अगस्त के लिए टाल दी ताकि मामले में अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जा सकें।
इस कांड के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल को रेल मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बंसल को सीबीआई ने अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया है। अदालत ने सात मार्च को रेलवे बोर्ड के तत्कालीन मेंबर(स्टाफ) महेश कुमार सहित सभी आरोपियों के खिलाफ अभियोग निर्धारित करने का निर्देश दिया था। सीबीआई ने पिछले साल दो मई को दस आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
इनमें कुमार, सिंगला, बेंगलुरु की कंपनी जी जी ट्रॉनिक्स इंडिया प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर एन आर मंजूनाथ, मिडलमैन अजय गर्ग और संदीप गोयल, राहुल यादव, समीर संधीर, सुशील डागा, सी वी वेणुगोपाल व एम वी मुरलीकृष्णन शामिल हैं। अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि भारत में भ्रष्टाचार कल्पना की भी हद पार कर चुका है। इस मामले ने मकसद को हासिल करने के लिए रिश्वत देने के एक अनूठे तरीके का खुलासा किया है।
अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि सिफारिश की संस्कृति और ताकतवर लोगों से सही संपर्क आज जल्दी पैसा कमाने का जरिया बन गई है। अनौपचारिक रूप से अदालत ने सात मार्च को आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे।

Monday, March 10, 2014

अपना नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा की गई पहल के तहत जगह- जगह लंबी कतारें

मुंबई उपनगरों में सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं द्वारा वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा की गई पहल के तहत जगह- जगह लंबी कतारें देखी गईं। रविवार की सुबह 10 बजे से शुरू हुई इस मुहिम में कई जगहों पर मतदाताओं के बीच असंमजस की स्थिति दिखाई दी। हालंकि राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन के माध्यम से पूरी जानकारी मुहैया कराई थी कि मतदाता किस तरह से अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं। 
पश्चिमी उपनगर कांदिवली ईस्ट स्थित ठाकुर विलेज में लगभग पांच मतदान केंदों पर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने की व्यवस्था की गई थी, जहां नए मतदाता अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए रजिस्टे्रशन करा रह थे। सिर्फ एक दिन के चलाए गए इस अभियान में ठाकुर विलेज के सभी मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाता यही जानने को उत्सुक थे कि वे किस तरह से अपना नाम वोटर विस्ट में जुड़वा सकते हैं।
 
ठाकुर विलेज के समता नगर मतदान केंद्र पर मागाठाणे निर्वाचन केंद्र 154 विभाग के अधिकारी मौजूद थे। यहां पर अलग- अलग तीन चार काउंटर बनाए गए थे। इन काउंट पर मौजूद निर्वाचन आयोग के अधिकारी लोगों
 
को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के बारे में पूरी जानकारी दे रहे थे। साथ ही नए मतदाताओं को फार्म भरवाने के लिए उपलब्ध कराइ जा रहे थे।
 
यहां विभाग के अन्य कर्मचारी साथ ही लोगों को यह भी बता रहे थे कि फार्म के साथ क्या- क्या डॉक्युमेंट दिखाए जाने हैं और किस डॉक्युमेंट की फोटो कॉपी फार्म के साथ लगानी है। साथ ही लोगों को यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी के वोटर आई डी में फोटो नहीं है, तो उन्हें फॉर्म के साथ अपनी दो फोटो भी संलग्न करनी होंगी।