Thursday, January 15, 2015

यात्रियों को जल्द ही मोबाइल पर मिलेगी 'बेस्ट इन्फर्मेशन'

बेस्ट परिवहन विभाग की ओर से मार्च 2016 तक बेस्ट के तहत आने वाली सभी बसों में यात्रियों की जानकारी के लिए पैसेंजर इन्फर्मेशन सिस्टम (PIS) लगाया जाएगा। इस सिस्टम के जरिए यात्रियों को बस के बारे में पूरी जानकारी उनके मोबाइल पर उपलब्ध हो सकेगी।
बेस्ट विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेस्ट की बसों से प्रतिदिन करीब 40 लाख यात्री यात्रा करते हैं। यात्रियों के मन में यात्रा करने से पहले कई सवाल होते हैं, जिनका जवाब उन्हें वक्त पर नहीं मिल पाता है। इसलिए बेस्ट ने उनकी सुविधा के मद्देनजर सभी बसों में PIS सिस्टम लगाने का निर्णय लिया है। इसके तहत यात्रियों को बस से संबंधित सारी जानकारी उनके मोबाइल पर आराम से उपलब्ध हो सकेगी।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल बेस्ट परिवहन विभाग के अंर्तगत आने वाली करीब 4200 साधारण बसें और 290 एसी बसें हैं, जिनमें से अब तक कुल 1900 बसों में PIS सिस्टम लगाया जा चुका है। बेस्ट प्रशासन ने अब सभी बसों में PIS सिस्टम लगाने का निर्णय ले लिया है। साल 2016 तक इसका काम पूरा किया जाएगा। PIS सिस्टम लगाने की लागत को 2015-16 के आर्थिक बजट में दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट परिवहन विभाग की पूरी जानकारी वेबसाइट www.bestpis.in पर उपलब्ध की गई है।
अधिकारी ने बताया कि बस में आशंकित हलचलों पर नजर रखने के लिए बेस्ट परिवहन विभाग ने सभी बसों में CCTV कैमरे लगाए थे, लेकिन सभी CCTV कैमरे लगभग बंद ही पड़े हैं। बस और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेस्ट विभाग ने सारे CCTV कैमरों को जल्द से जल्द कार्यान्वित करने का निर्णय ले लिया है। इस साल के अंत तक सभी बसों के CCTV कैमरे कार्यान्वित होने की संभावना जताई जा रही है।

Sunday, January 11, 2015

नो पार्किंग जोन में गाड़ियां पार्क करने वालों खिलाफ सख्त कदम

मुंबई ट्रैफिक पुलिस इन दिनों जहां दोषी व्यक्तियों को काउंसिलिंग देकर उन्हें अपराध करने के रोकने में लगी है। वहीं, बिना हेल्मेट पहनने वाले वाहन चालकों, रैश ड्राइविंग, लापरवाही और मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने वालों और नो पार्किंग जोन में गाड़ियां पार्क करने वालों खिलाफ सख्त कदम उठाने जा रही है। एक तरफ मुंबई ट्रैफिक पुलिस मुस्तैदी दिखा रही है, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक विभाग द्वारा जारी आंकड़ों ने मुंबई पुलिस का सिर दर्द बढ़ा दिया है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2013 के मुकाबले 2014 में रैश ड्राइविंग के 648 मामले बढ़े हैं, जबकि वर्ष 2012 के मुकाबले पिछले साल रैश ड्राइविंग के मामलों में 2,433 केस ज्यादा हुए हैं। ये आंकड़े मुंबई ट्रैफिक और सिटी पुलिस दोनों के लिए चिंताजनक है।
पीक आवर्स के समय मुंबई के रास्तों पर वाहन चालक अपने वाहन रास्ते में कहीं भी पार्क करके चले जाते हैं जिससे रास्तों पर ट्रैफिक जाम लग जाता है। इस गंभीर समस्या पर काबू पाने के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी उठाने (टोईंग) का दर बढ़ाया था। यही वजह है कि मुंबई वासियों को नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करना इतना महंगा पड़ा।
पिछले पांच सालों में नो पार्किंग जोन में गाड़ियां पार्क करना मुंबइकरों को काफी महंगा पड़ा है। हाल ही में मुंबई ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच सालों में नो पार्किंग जोन में पार्क करने के 25 लाख से अधिक मामलों में 22 करोड़ रुपये से ज्यादा पेनल्टी वसूली गई है। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले पांच सालों में ट्रैफ‌िक नियम तोड़ने वालों से वसूली गई पेनल्टी को राज्य सरकार के कोष में जमा किया जाएगा। बीएमसी जल्द ही पार्किंग के लिए नई पॉलिसी लाने जा रही है जिसके बाद नो-पार्किंग के मामलों में वसूली गई पेनल्टी को बीएमसी के खाते में जमा किया जाएगा।

Friday, January 9, 2015

कैबिनेट का 10 नए मिनिस्टर्स के साथ विस्तार


बीजेपी महाराष्ट्र में कुछ छोटे दलों के नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने पर काम कर रही है। कैबिनेट का 10 नए मिनिस्टर्स के साथ विस्तार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और बीजेपी के महाराष्ट्र में प्रेजिडेंट रावसाहेब दन्वे नए मिनिस्टर्स के नाम फाइनल करने के लिए पार्टी के प्रेजिडेंट अमित शाह के साथ मुलाकात करेंगे।
बीजेपी और शिव सेना ने राज्य में लोकसभा चुनाव राजू शेट्टी के स्वाभिमानी शेतकारी संगठन (एसएसएस), महादेव जनकर की राष्ट्रीय समाज पक्ष (आरएसपी) और कुछ अन्य छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ा था। मुंबई से बीजेपी के एक विधायक ने कहा, 'यह गठबंधन राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान नहीं रहा था। लेकिन अब बीजेपी का मानना है कि राजू शेट्टी और अन्य दल पार्टी की राजनीतिक तौर पर मदद करेंगे। 
इन छोटे दलों में से किसी के पास स्टेट लेजिस्लेटिव काउंसिल में सीटें नहीं हैं। इन दलों को कैबिनेट में शामिल करने का मतलब है कि बीजेपी को इनके नेताओं को स्टेट लेजिस्लेटिव काउंसिल में सीटें भी उपलब्ध करानी होगी। काउंसिल की चार सीटें अगले महीने भरी जानी हैं, जबकि चार और जून में खाली होंगी।
इस वजह से इन नेताओं को आसानी से जगह दी जा सकती है। लेकिन अंतिम मंजूरी केंद्रीय नेतृत्व की ओर से ही आनी है।' राजू शेट्टी के सहयोगी सदाभाउ खोटे और महादेव जनकर को राज्य मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया भी कैबिनेट में एक जगह की मांग कर रही है, लेकिन बीजेपी नेताओं का कहना है कि पार्टी को कॉर्पोरेशंस में कुछ सीनियर पोजीशंस ही दी जा सकती हैं।
बीजेपी के ज्यादातर वरिष्ठ नेता छोटे दलों को कैबिनेट में जगह देने के पक्ष में हैं, लेकिन इसे लेकर एक मुद्दा यह है कि इन दलों के नेताओं को कौन से पोर्टफोलियो दिए जाएं। शिव सेना के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने पर इंडस्ट्रीज जैसे कुछ महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से छीनकर शिव सेना को दिए गए थे।
बीजेपी नेताओं ने कहा कि इसे अब दोहराया नहीं जा सकता और मुख्यमंत्री के पास अभी मौजूद कुछ हल्के पोर्टफोलियो छोटे दलों के नेताओं को दिए जा सकते हैं।

Thursday, January 8, 2015

शौचालय बनाने के लिए मदद 4,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने का निर्णय

राज्य सरकार मे ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय बनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक मदद 4,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने का निर्णय लिया है। शौचालय बनाने के लिए दी जाने वाली रकम सीधे लाभार्थी के खाते में जमा होगी। अगले पांच साल में सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 56 लाख नए शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा है।

राज्य के जलापूर्ति और स्वच्छता मंत्री बबनराव लोणीकर ने रकम बढ़ाने की घोषणा करते हुए बताया कि जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग की ओर से ग्रामीण इलाकों में बंद पड़ी योजनाओं को एक बार फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
इन योजनाओं के लिए आने वाले खर्च की मूल राशि में से 15 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी। उन्होंने बताया कि राज्य भर की 92 नगरपालिकों में जूनियर इंजिनियर के पद रिक्त पड़े हैं। जबकि राज्य सरकार के पास 1500 सरप्लस इंजिनियर्स हैं। सरकार की योजना इन्हें अलग-अलग नगरपालिकों में भेजने की है। उन्होंने बताया कि गुजरात, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी एक ही जल योजना चलाई जाएगी।

Tuesday, January 6, 2015

वृद्धावस्था का फायदा उठा कर बेटी द्वारा ही उन्हें ठगने की बात सामने आई


पिता की वृद्धावस्था का फायदा उठा कर बेटी द्वारा ही उन्हें ठगने की बात सामने आई है। 87 वर्षीय पिता ने बेटी शोभा त्रयंबके और नातिन श्रुति त्रयंबके-ठाकरे के खिलाफ नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में ठगी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस से मिली जानकरी के मुताबिक रघुनाथ नगर के यश आंनद सोसायटी में रहने वाले 87 वर्षीय गोविंद शिंदे का एक ‌फ्लैट करीब के ही सत्यम अपार्टमेंट में था। बेटी शोभा ने उस फ्लैट का अच्छा दाम मिलने की बात कह कर पिता से उसे बेचने की जिद की। गोविंद शिंदे फ्लैट को बेचना नहीं चाहते थे लेकिन बेटी ने उसे जबरदस्ती बेचने को मजबूर किया।  फ्लैट बेचने से मिली बड़ी राशि बेटी ने खुद रख ली और कुछ रुपए पिता के अकाउंट में जमा करा दिए। आरोपों के मुताबिक कुछ दिन बाद बेटी ने पिता को झांसे में लिया और पिता के नाम पर एक दूसरा घर लेने की बात कह कर पिता के बैंक अकाउंट से रुपए निकलवाए। इसके बाद बेटी शोभा ने फ्लैट पिता के नाम पर न ले कर खुद के नाम पर ले लिया।
इस बात का पता जब पिता को चला तो उसके आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। ठगी का शिकार हुए पिता ने आखिरकार नौपाड़ा पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया है और बेटी शोभा और नातिन श्रुति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आईपीसी 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पीआई थोरवे मामले की जांच कर रहे हैं।

Sunday, January 4, 2015

राजपक्षे के लिए चुनाव प्रचार करना ऐक्टर सलमान खान के लिए मुसीबत

श्रीलंकाई राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के लिए चुनाव प्रचार करना ऐक्टर सलमान खान के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। रविवार को कुछ तमिल नागरिकों ने बॉलिवुड ऐक्टर के घर के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। सलमान श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में हाल ही में राजपक्षे के समर्थन में प्रचार करने गए थे, जिससे कुछ तमिल लोग सलमान से नाराज हैं। 
रविवार सुबह 10 बजे के आसपास शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन के कारण सलमाल के गैलक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

बांद्रा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया, 'हां, आज (रविवार) विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मी सलमान के घर की सुरक्षा के लिए मौजूद थे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।' 
सलमान, 'किक' फिल्म को ऐक्ट्रेस और पूर्व श्रीलंकन ब्यूटी क्वीन, जैकलीन फर्नांडीज के साथ श्रीलंका गए थे। 

Thursday, January 1, 2015

शुभकामनाएं

साथियों ,

मेरी और मेरी धर्म-पत्नी की ओर से आपको तथा आपके परिवार को नव वर्ष 2015 की हार्दिक शुभकामनाएं ।