Tuesday, August 25, 2009

एक बाल कलाकार की मां को फिर से गिरफ्तार किया जाएगा।

उपनगरीय अंधेरी इलाके में नाबालिग घरेलू नौकरानी को कथित तौर पर प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद जमानत पर रिहा कर दी गईं एक बाल कलाकार की मां को फिर से गिरफ्तार किया जाएगा। यह बात एक वरिष्ठ मंत्री ने मंगलवार को कही। श्रम मंत्री नवाब मलिक ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'उर्वशी धानोरकर को फिर गिरफ्तार किया जाएगा और बाल तस्करी एवं बंधुआ मजदूर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।' धानोरकर ने कथित तौर पर अपनी 10 वर्षीय घरेलू नौकरानी पर हमला किया था। इसमें उसकी आंखों और बांहों पर चोट आई थी। धानोरकर को गत 21 अगस्त को उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन एक अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जहां से उन्हें 10 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मिल गई थी। मंत्री ने बताया कि पीडि़त अब मानखुर्द रिमांड होम में है। यह घरेलू नौकरों को फिल्म और टेलिविजन हस्तियों द्वारा प्रताडि़ित करने की विगत कुछ महीने में चौथी घटना है।

Sunday, August 23, 2009

आर्थिक राजधानी मुंबई विघ्नहर्ता गणपति की शरण लेने को तैयार

कभी आतंकवादी हमलों से लहूलुहान, कभी मंदी की मार झेलकर तो कभी स्वाइन फ्लू के खौफ से त्रस्त होने के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई विघ्नहर्ता गणपति की शरण लेने को तैयार है। रविवार से शुरू होने वाले गणेशोत्सव के दौरान अपने घर पर गणपति को सजाने के लिए लोगों ने पूरी तैयारी कर ली है। हर साल की तरह इस बार भी मुंबई की मायानगरी में गणनायक विराजेंगे, मगर मन्नतों का प्रारूप कुछ अलग होगा। गणपति बाप्पा के भक्तिरस में डूबे श्रेयस तलपड़े इस पर्व को लेकर बहुत उत्साहित हैं। वह कहते हैं कि अपनी पुरानी महक संजोए यह उत्सव ऐसा है, जो अब भी परंपरा से जुड़ा हुआ है। गणपति से प्रार्थना है कि वह मुंबई और देश के लोगों को हमेशा एक सूत्र में बांधे रखें और सभी विघ्नों को हर लें। आर. के. स्टूडियो में गणपति लाने की प्रथा राज कपूर के जमाने से शुरू हुई थी, वह आज भी कायम है। रणधीर कपूर कहते हैं, 'यह तो सालों से चली आ रही परंपरा है। हम इस बार भी इसे जोर-शोर से निभाएंगे। भगवान गणेश से यही प्रार्थना रहेगी कि वह इस शहर को पिछले संकटों के दुख से उबारे और हर विघ्न से बचाएं।' कपूर परिवार के अलावा नाना पाटेकर और जीतेंद के गणपति की भी बॉलिवुड में काफी चर्चा रहती है। सूत्रों की मानें तो अपने स्टूडियो के लिए खरीदी गई जमीन को लेकर चल रहे विवाद और बेटी एकता के डूबते करियर से जीतेंद्र काफी परेशान हैं। इसलिए इस मौके पर वह विघ्नहर्ता के लिए खास पूजा करने वाले हैं। कुछ सालों से सलमान खान के गणपति भी मीडिया में बहुत लोकप्रिय हैं। इस बार खान परिवार के पास गणपति पूजा की दो खास वजह होंगी। पहली, तो सलमान की फिल्म 'वॉन्टेड' जल्द ही दर्शकों के सामने आएगी और दूसरी, एक असेर् बाद उनके भाई सोहेल खान की होम प्रोडक्शन फिल्म 'किसान' गणेशोत्सव के दौरान ही रिलीज होगी। पीढ़ियों से संगीत की सेवा कर रहा मंगेशकर परिवार भी गणेशोत्सव को लेकर बहुत उत्साहित है। लता मंगेशकर की भतीजी राधा मंगेशकर कहती हैं, 'हर साल की परंपरा के अनुसार हमारा परिवार गणपति के स्वागत और दस दिनों तक उनकी सेवा के लिए तैयार है। गणपति सुख, शांति और स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें, यही कामना है।' गोविंदा के घर भी गणपति स्थापित करने की परंपरा रही है। सूत्रों के अनुसार, उनकी बेटी नर्मदा जल्द ही फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने वाली हैं इसलिए इस साल की गणपति पूजा गोविंदा अपनी बेटी के हाथों करवाने वाले हैं। जीसस के साथ-साथ गणपति में भरपूर आस्था रखने वाली राखी सावंत इस साल अपने घर गणपति नहीं ला पाएंगी क्योंकि वह गोवा में अपने अगले शो की शूटिंग में बिजी हैं।

Thursday, August 20, 2009

स्कूल की बस में आग लगने से 25 बच्चे बुरी तरह झुलस गए।

नवी मुंबई के नजदीक पनवेल स्थित एक स्कूल की बस में आग लगने से 25 बच्चे बुरी तरह झुलस गए। इसमें से कुछ बच्चों की हालत बेहद नाजुक है। सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से एक बच्चे के 90 प्रतिशत तक जले होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक मुंबई के सीकेटी पब्लिक स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर से स्कूल ले जा रही थी। बस में करीब 40 बच्चे थे। मुंबई-पुणे हाइवे पर सुबह करीब 6.50 मिनट पर बस में अचानक आग लग गई। आग धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गई। इस बीच कुछ बच्चे बस से बाहर उतर आए, लेकिन कुछ उसी में फंसे रह गए। इस हादसे में 25 बच्चे झुलस गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से बस में आग लगी। उन्होंने कहा घटना की जांच की जा रही है। उधर, सीकेटी हाईस्कूल के प्रिंसिपल एसटीघाडगे ने कहा कि घायल बच्चों को पास के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। स्वाइन फ्लू की वजह से 10 दिन तक स्कूल बंद रहने के बाद बच्चे पहले दिन स्कूल जा रहे थे।

Wednesday, August 19, 2009

सट्टेबाजी का कारोबार कालबादेवी से

मीरा रोड सट्टेबाजी मामले की रोज खुल रही परतों में मंगलवार को एक नई जानकारी पता चली है। पता चला है कि सट्टेबाजी के लिए मुम्बई से कुछ कॉल कराची ट्रांसफर किए जाते थे। जो शख्स इन कॉल्स को कराची ट्रांसफर करता था, उसका नाम रमेश कालबादेवी पता चला है। एक विश्वस्त सूत्र ने एनबीटी को बताया कि रमेश कालबादेवी अपने पास दस से बारह लाइन रखता है। इन्हीं लाइनों पर उसके पास सट्टेबाजों के कॉल आते हैं। सट्टेबाज उससे सिर्फ इतना ही कहते हैं- सलीम दुबई या मोहम्मद अली या सलीम कराची और रमेश कालबादेवी अगले ही क्षण संबंधित व्यक्ति की कॉल को दुबई या कराची ट्रांसफर कर देता है। इस काम के लिए उसे मोटा कमीशन मिलता है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार जब तरन्नुम वाला मामला गर्म था और जब मुम्बई क्राइम ब्रांच की यूनिट तीन ने कई बड़े सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया था, उस वक्त यह रमेश कालबादेवी भी पकड़ा गया था। वह कराची में जिस मोहम्मद अली को कॉल ट्रांसफर करता था, वह मोहम्मद अली उस एक बड़े सट्टेबाज के साथ कुछ साल पहले दुबई में भी पकड़ा जा चुका है, जिसे कनाकिया पुलिस ने दस सट्टेबाजों के साथ तीन दिन पहले मीरा रोड में पकड़ा है।

Tuesday, August 18, 2009

शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने बीजेपी नेताओं की खिंचाई की

मोहम्मद अली जिन्ना की प्रशंसा करने पर शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने बीजेपी नेताओं की खिंचाई की है। मंगल वार को उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के संस्थापक को धर्म निरपेक्ष बताना उन लोगों का अपमान है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना खून बहाया। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी से पूछा है कि अगर जिन्ना धर्म निरपेक्ष थे तो फिर वह पाक छोड़कर सिंध प्रांत छोड़कर भारत क्यों आए? ठाकरे ने शिव सेना के मुखपत्र में छपे एक संपादकीय में कहा, 'लाल कृष्ण आडवाणी ने जिन्ना की प्रशंसा कर वैचारिक भ्रम पैदा कर दिया। जसवंत सिंह ने भी इसमें योगदान दिया है।' उन्होंने कहा, 'वैचारिक भ्रम की वजह से ही है कि हिन्दू निराश और मार्ग दर्शन रहित हो गए हैं तथा इसका असर लोकसभा चुनावों में दिखा।' ठाकरे ने संपादकीय में पूछा है कि जिस व्यक्ति ने धर्म के नाम पर मुसलमानों के लिए अलग देश की मांग की वह धर्म निरपेक्ष कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा कि जिन्ना को धर्म निरपेक्ष बताना उन लोगों का अपमान है जिन्होंने देश की आजादी के लिए खून बहाया। शिव सेना प्रमुख ने पूछा, 'जिन्ना धर्म निरपेक्ष थे तो फिर आडवाणी पाकिस्तान का सिंध प्रांत छोड़कर भारत क्यों आए?'

Monday, August 17, 2009

मुंबई, नवी मुम्बई तथा ठाणे के सारे सिनेमाघर और मल्टिप्लेक्स सोमवार की सुबह खुल जाएंगे।

चार दिनों के आराम के बाद मुंबई, नवी मुम्बई तथा ठाणे के सारे सिनेमाघर और मल्टिप्लेक्स सोमवार की सुबह खुल जाएंगे। इसके साथ ही 'कमीने' तथा 'लाइफ पार्टनर' आखिरकार दर्शकों से रूबरू होगी। गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू के कारण महाराष्ट्र सरकार ने सिनेमाघरों को गुरुवार से तीन दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया था, मगर थिअटर मालिकों के नाम जारी आदेश में उनसे रविवार रात 12 बजे तक ताला लगाए रखने को कहा गया था। गेइटी-गैलक्सी चेन के इग्जेक्युटिव डाइरेक्टर मनोज देसाई ने कहा, 'इन चार दिनों में हमें लाखों की चपत लगी है। मगर जनता की सेहत की चिंता भी जरूरी है। हां, इतना जरूर है कि फिल्मों की अच्छी एडवांस बुकिंग हुई थी। वह रकम रिफंड करनी पड़ी। अब उम्मीद करनी चाहिए कि इस हफ्ते रिलीस हुई दोनों फिल्में सोमवार से बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म करेंगी।' इस बीच, 'कमीने' में डबल रोल के लिए तारीफें बटोर रहे शाहिद कपूर घर में चार दिन आराम फरमाने के बाद अब बाहर निकलने के पूरे मूड में हैं। उनका कहना है कि स्वाइन फ्लू का उन्हें कोई डर नहीं और जब आम जनता मेरी फिल्म देखने के लिए घर से बाहर निकलने का साहस दिखा सकती है तो मैं स्वाइन फ्लू के डर से छुपकर घर के अंदर क्यों बैठूं? मैं हर थिअटर में बारी-बारी से खुद जाऊंगा। उनके बीच जाकर मैं अपनी आंखों से देखना चाहता हूं कि मेरे काम पर पब्लिक का क्या रिएक्शन है। चार दिनों तक आराम फरमाने का फरमान जारी होने से 'लाइफ पार्टनर' के सितारे, खासकर तुषार कपूर, फरदीन खान, जेनेलिया तथा गोविंदा मायूस हो चले थे, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि सोमवार से दर्शकों को फिल्म में उनका काम पसंद आएगा। हां, माहर कामरान की चर्चित फिल्म 'मोहनदास' ने पब्लिक के सामने आने का नया शेड्यूल बनाया है। अब यह फिल्म तीन सितम्बर को रिलीस होगी।

Friday, August 14, 2009

चीनी मुंबई की ,पकडी गई इन्दौर में, चीनी जमाखोरो की वजह से कडवी हुई

चीनी की कीमतें यूं ही आसमान नहीं छू रही हैं। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में जमाखोरी के बड़े गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए 8200 क्विंटल चीनी जब्त की गई है। इसका बाजार मूल्य करीब ढाई करोड़ रुपये है। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग की यह बड़ी मुहिम गुरुवार देर रात तक चली। इस दौरान शहर के चार ट्रांसपोर्टरों के ठिकानों पर छापे मारे गए। वहां बडे़ पैमाने परचीनी के अवैध भंडारण का खुलासा हुआ। प्रदेश सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर शिकंजा कसने के लिये शक्कर के कारोबार पर लाइसंस प्रणाली लागू की है। इसके तहत 20 क्विंटल से ज्यादा शक्कर के कारोबार या भंडारण के लिये व्यापारियों को लाइसंस लेना जरूरी कर दिया गया है। जिला खाद्य और नागरिक आपूर्ति नियंत्रक एच. एस. परमार ने बताया कि शहर में ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत से अवैध रूप से जमा की गई शक्कर भोपाल, छतरपुर, सागर और टीकमगढ़ के व्यापारियों की है। यह कथित तौर पर कालाबाजारी की नीयत से पखवाड़े भर से ट्रांसपोर्टरों के गोदामों में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि जब्त चीनी महाराष्ट्र से 2200 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदी गई थी, जबकि फिलहाल यहां इसका थोक भाव 3000 रुपये प्रति क्विंटल के आस-पास है। शक्कर की जमाखोरी के मामले में 37 लोगों के खिलाफ सात केस दर्ज कराए गए हैं। इनमें चार ट्रांसपोर्टर शामिल हैं। यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है जब शकर की त्योहारी मांग में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही, आम ग्राहक के लिये भाव बढ़ने के कारण शकर कड़वी होती जा रही है।