Saturday, July 25, 2009

एमएनएस के उपाध्यक्ष वागीश सारस्वत का कहना है कि यह पार्टी की छवि बिगाड़ने की साजिश है।

महानगर मुंबई के उपनगरीय इलाके अंधेरी में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप करने के आरोप में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के 4 कथित कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। 13 साल की पीड़िता घरेलू नौकरानी है। गणेश गटकल, गणेश काले, नरेंद्र सलुंखे और उमेश बोरांडे को मारोल इलाके से शुक्रवार शाम को गिरफ्तार किया गया। पीड़िता भी इसी मोहल्ले में रहती है। चारों को 28 जुलाई तक रिमांड पर भेज दिया गया है। एमएनएस के उपाध्यक्ष वागीश सारस्वत का कहना है कि यह पार्टी की छवि बिगाड़ने की साजिश है। हालांकि उन्होंने यह भी कह दिया कि अगर आरोपी हमारे कार्यकर्ता हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम को जब लड़की अपनी बहन के साथ चाची के घर जा रही थी, तभी मारोल-मारोशी रोड पर एक इंडिका कार ने उनका रास्ता रोक लिया। चार लोगों ने दोनों बहनों को खींचकर कार में बिठाया और पास के बाग में ले जाकर गैंगरेप किया। पीड़िता की बहन बच निकलने में कामयाब रही। घटना की सूचना के साथ ही इलाके में तनाव फैल गया। खास तौर पर शिवसेना ने इसे मुद्दा बना लिया। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन भी किया। उनका कहना था कि एमएनएस कार्यकर्ताओं के लिप्त होने की वजह से पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है।

Tuesday, July 21, 2009

'ए' से आमिर खान, 'बी' से बच्चन, 'सी' से चमेली

'ए' से आमिर खान, 'बी' से बच्चन, 'सी' से चमेली वगैरह संबोधन से अगर बच्चों को पढ़ाया जाए तो यह किसी फनी मूवी से कम नहीं होगा। कॉमेडी फिल्म बनाने वाले तो इस तरह के मसाले की खोज में रहते ही हैं। दर्शकों को कुछ समय के लिए सिनेमा हॉल में हंसाने के लिए इस तरह का फिल्मी मसाला काफी होता है। लेकिन यहां हम जो बताने जा रहे हैं वह किसी फिल्म की कहानी नहीं है। न ही इस विषय पर कोई फिल्म बनने वाली है। असल में फनी कही जाने वाली यह असलियत उत्तर प्रदेश के कई स्कूलों में अमली जामा पहने है। उत्तर प्रदेश में भी कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है। दिल्ली से सटे नोएडा के एक नामी स्कूल की दो टीचरों ने हिंदी की वर्णमाला का ज्ञान कराने वाली बच्चों की एक पुस्तक तैयार की है। एक नामी इंग्लिश मीडियम स्कूल में इस पुस्तक से बच्चों को क, ख ग, घ वगैरह को पुराने ढर्रे से हटा कर फिल्मी सितारों के नाम के साथ संबोधित करके समझाने की कोशिश की गई है। मसलन 'ऋ' से हम बचपन से ही तपस्या करने वाले महानुभाव ऋषि का संबोधन करते आ रहे है। लेकिन इस पुस्तक में 'ऋ' से ऋतिक रोशन बताया गया है। इसी तरह 'ऐ' से बच्चे ऐश्वर्य राय सीख रहे हैं। इन सभी बातों को यूपी के राज्य मंत्री कलराज मिश्र ने कल उठाया। उनका कहना है कि इस तरह से ये कुछ स्कूल बच्चों को सही ज्ञान देने की बजाए फिल्मों की तरफ धकेल रहे हैं। श्री मिश्र के अनुसार हिंदी की वर्णमाला में ही खामियां नहीं हैं। यूपी के कई नामी अंग्रेजी स्कूलों में पढ़ाई जाने वाली साइंस और अन्य विषय की पुस्तकों में भी कई खामियां हैं। मसलन एक पुस्तक के 2004-05 के एडिशन में जगदीश चंद बोस का जन्म 30 नवंबर 1858 छपा था। लेकिन इसी पब्लिकेशन्स की 2008-09 के एडिशन में श्री बोस का जन्म 13 नवंबर 1858 छपा है। यह पुस्तक यूपी के कई नामी अंग्रेजी स्कूलों में लगी हुई है।

Saturday, July 18, 2009

परेशान नागरिकों की बड़ी शिकायत यह थी कि उन्हें इस बात की सूचना पहले क्यों नहीं दी गई।

जब अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन हन्सिबा में सेल्फ इंपलॉइड विमिन इन इंडिया (सेवा)के एक रीटेल आउटलेट को देखने गई थीं, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं होगा कि उनकी वजह से सैकड़ों लोग अपने घर नहीं जा सके।
मालाबार हिल इलाके में स्थित इस आउटलेट के आसपास रहने वाले लोग शनिवार दिन में करीब 11.30 बजे से 1.15 बजे तक अपने घरों से बाहर रहे, क्योंकि रास्ता बंद कर दिया गया था। पुलिस लोगों को अपने घर तक जाने नहीं दे रही थी। कुछ लोग तो अपने घरों से 20-25 मीटर दूर थे और दो घंटे तक वहीं खड़े रहे।
सुदर्शन सोसाइटी में रहने वाले विशाल शाह ने कहा कि अगर हिलेरी को पता होता कि वह इतने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रही हैं, तो वह बहुत दुखी होतीं, क्योंकि वह महान महिला हैं।
शाह को पुलिस ने उनके घर से सिर्फ 30 मीटर दूर रोक रखा था। उनकी पुलिसवालों से तू तू-मैं मैं भी हुई, लेकिन हिलेरी की विजिट खत्म होने से पहले वह अपने घर नहीं जा सके। शाह ने बताया कि मेरी 6 साल की बेटी घर पर अकेली थी और मुझे उसे लेकर स्कूल जाना था, लेकिन हिलेरी क्लिंटन की वजह से ऐसा नहीं हो सका।
परेशान नागरिकों की बड़ी शिकायत यह थी कि उन्हें इस बात की सूचना पहले क्यों नहीं दी गई।

Friday, July 17, 2009

'सब तरफ अव्यवस्था है।

मुम्बई में हुई जबर्दस्त बारिश से सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर 'प्रतीक्षा' के लॉन म और दफ्तर 'जनक' के निचले तल में पानी घुस गया है। पेट के दर्द से उबर रहे बच्चन को प्रतीक्षा से अपने दूसरे बंगले 'जलसा' जाना पड़ा तथा उनके दफ्तर के कर्मचारियों ने उनके सामान को भूतल से ऊपरी तल पर पहुंचाया। बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा है, 'सब तरफ अव्यवस्था है। सब जगह समुद्र बना हुआ है। पास ही में स्थित कार्यालय जनक में कर्मचारी गेट से पेड़ पर चढ़ने के लिए तैयार है। पानी अंदर घुस गया है और भूतल पर कोई काम नहीं किया जा सकता। मैंने अपने कर्मचारियों को कहा है कि वे बारिश के पानी को बाल्टियों में इकट्ठा कर लें, ताकि अगर बिजली चली जाए और पंप न चलें तो पानी का उपयोग किया जा सके।'

Tuesday, July 14, 2009

लोकल ट्रेनें 30 से 40 मिनट तक की देरी से

मुंबई में रातभर हुई बारिश ने मुंबईवालों की रूटीन लाइफ को पटरी से उतार दिया है। मीठी नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। जानकारी के मुताबिक मीठी नदी इस समय खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर बह रही है। बारिश के कारण मुंबई में कई रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए हैं। बांद्रा लिंक रोड और हार्बर लाइन बंद है। लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। गौरतलब है कि मुंबई में मीठी नदी पवई से माहिम तक बहती है। इसका पानी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। भारी बारिश का असर एयर ट्रैफिक पर भी पड़ा है। गोवा जाने वाली फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। लगातार बारिश से मरोल में एक फुट पानी, अंधेरी जंक्शन पर एक फुट, एयरपोर्ट सिग्नल पर एक फुट, एलबीएस रोड पर दो फीट, हिंदमाता में दो फीट, किंग्स सर्कल पर दो फीट पानी भर गया है। उधर, शहर के कई इलाकों में पानी भरने से सड़क और रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। सोमवार शाम से ही तेज हवा और बारिश के कारण ट्रैफिक कई जगह प्रभावित रहा। उपनगरी में भारी जलभराव के चलते लोकल ट्रेनें 30 से 40 मिनट तक की देरी से चल रही हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय रेलवे की गाड़ियां एक ओर जहां 30 से 45 मिनट की देरी से चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर हार्बर लाइन और पश्चिमी लाइन की ट्रेनें भी 10 से 15 मिनट लेट हैं। मुंबई के किंग सर्कल, सिओन, अंधेरी, मिलान, हिन्द माता आदि निचले हिस्सों में पानी भर गया है। शहर के यातायात पुलिस का कहना है कि पश्चिमी और पूर्वी राजमार्गों पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अनुसार हवाई अड्डे पर करीब 800 मिटर तक देखने की क्षमता का हास हुआ है। सूत्रों ने बताया कि बाहर से आने वाले जहाज लगभग 15 मिनट लेट हैं, वहीं यहां से प्रस्थान करने वाले उड़ानें करीब करीब अपने नियत समय से चल रहीं हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कोलाबा में सुबह साढ़े पांच बजे 93.4 मिलीमीटर और सांता कूज में 125.6 मिलीमीटर वर्षा रेकॉर्ड की गई है। शहर में बडाला ट्रक टर्मिनल, मराठा मंदिर, खार-अंधेरी सबवे, देओनार कॉलोनी और कुछ अन्य जगहों पर जलभराव की भी खबरें हैं, वहीं कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ गिरने की भी सूचना मिली है। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी तेज हवा और भारी बरसात का दौर जारी रहेगा।

Saturday, July 11, 2009

हड़ताल पर गए साढ़े चार हजार रेजिडंट डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया गया

महाराष्ट्र में छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करवाने के लिए हड़ताल पर गए साढ़े चार हजार रेजिडंट डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया गया है। ये लोग मंगलवार की रात से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही रेजिडंट डॉक्टरों को हड़ताल वापस न लेने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उच्च शिक्षा मंत्री राजेश टोपे ने कहा था कि राज्य में मॉनसून की वजह से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए डॉक्टरों से तुरंत हड़ताल वापस लेने के लिए कहा गया है । मंत्री ने कहा था कि अगर रेजिडेंट डॉक्टरों काम पर लौट आते हैं तो उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा, नहीं तो अंतिम उपाय के रूप में हम एस्मा और अदालती फैसलों के तहत कार्रवाई करेंगे ।

Thursday, July 9, 2009

रैकिट का भंडाफोड़

कुर्ला क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे रैकिट का भंडाफोड़ किया है, जो टूर ऐंड ट्रेवल्स की गाड़ियों को हायर करने के बाद उनके ड्राइवरों का या तो मर्डर कर देता था या गंभीर रूप से घायल कर देता था। बाद में यह रैकिट के लोग इन गाड़ियों को बहुत सस्ते दामों में खुले बाजार में बेच देते थे। इस मामले में पांच लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें भोजपुरी अभिनेता संजय त्रिपाठी भी शामिल है। संजय ने भोजपुरी फिल्मों के अलावा भोजपुरी धारावाहिकों में भी काम किया है। सीनियर इंस्पेक्टर रुपवते, महिला उप निरीक्षक सातोसे और हेड कॉन्स्टेबल माने की टीम ने इस मामले में संजय त्रिपाठी के अलावा भरत भानुशाली, दीपक दुबे, नागेश्वर राव और शब्बीर अली को भी गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने पिछले कुछ महीनों में महाराष्ट्र, गुजरात में चार वारदातों में दो ड्राइवरों का मर्डर किया, जबकि दो को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में भोजपुरी कलाकार संजय त्रिपाठी इन गाड़ियों का खुद ड्राइव करके बंगलुरु ले जाता था, जहां गैंग के कुछ अन्य लोग इनोवा और तवेरा जैसी महंगी गाड़ियों को महज 1 लाख 30 हजार रुपए में बेच देते थे और फिर आपस में अपना हिस्सा बांट लेते थे।
कुछ समय पहले अडिशनल सीपी देवेन भारती को टिप मिली, कि कुछ लोग चोरी की गाड़ियों के ग्राहक ढूंढ रहे हैं। इसी के बाद कुर्ला क्राइम ब्रांच के अधिकारी फर्जी ग्राहक बनकर इनके पास गए। इसी के बाद इस रैकिट का भंडाफोड़ हुआ। क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार संजय त्रिपाठी लूटी गई गाड़ियों में अपनी फिल्मों और धारावाहिकों के फोटो जरूर रखता था, ताकि यदि कभी पुलिस उस पर शक करे, तो वह इन फोटो को पुलिस को दिखा दे कि देखो, वह भला आदमी है। खास बात यह है कि संजय ने भोजपुरी फिल्मों व धारावाहिकों में पुलिस वालों का भी रोल किया है। क्राइम ब्रांच चीफ राकेश मारिया के अनुसार इस गैंग के लोग ड्राइवरों की नींद की गोलियां की लिक्विड बनाकर जबरन पिला देते थे और बस अंडरवेअर को छोड़कर उनके सारे कपड़े उतार देते थे। बाद में वे उनका गला दबा देते थे और फिर सड़क पर फेंक देते थे। कपड़े उतारकर सड़क पर ड्राइवर को फेंकने के पीछे इस गैंग की सोच यह थी कि यदि कई घंटे के बाद ड्राइवर को होश आ जाए, तो उसे नंगा या सिर्फ अंडरवेअर में देखकर लोग उसे पागल समझें और उसे लिफ्ट ही न दें।