Saturday, July 4, 2009

मुम्बई को भी आगे चलकर काफी फायदा होने वाला है।

यह सच है कि मुम्बई को रेल बजट से जो अपेक्षाएं थी, उसके अनुपात में इसे हिस्से में वो माल नहीं आया है, मगर ऐसा भी नहीं है कि रेल बजट के प्रावधानों से मुम्बई एकदम अछूती रहेगी। तकनीकी विश्लेषण पर पता चलता है कि मुम्बई को भी आगे चलकर काफी फायदा होने वाला है। बोरिवली स्टेशन के प्लैटफार्म 6-ए को बनाने के लिए 14.5 करोड़ रुपए की मंजूरी इस बजट में दे दी गई है। इसके अलावा देश के जिन 375 स्टेशनों के कायाकल्प की बात कही गई है, उसमें करीब 38 स्टेशन उपनगरों के हैं। इनमें से प्रमुख स्टेशन है अंधेरी, बांद्रा, बेलापुर, भांडूप, भाईंदर, बोरिवली, चर्नी रोड, चेम्बूर, चर्चगेट, करी रोड, दादर, दहाणू रोड, डाकयार्ड रोड, डोंबिवली, घाटकोपर, गोरेगांव, कर्जत, कसारा, खोपोली, किंग सर्कल, कुर्ला, मालाड, मरीन लाइन्स, माटुंगा, मीरा रोड, मुलुंड, मुम्बई सेंट्रल, नाहुर, नायगांव, पनवेल, सानपाड़ा, सांताक्रुज, सफाले, तिलक नगर, उल्हासनगर, वाणगांव, वाशी, विरार हैं। इन स्टेशनों पर पीने का पानी, प्रसाधन, कैटरिंग सर्विस, वेटिंग रूम और दूसरी बुनियादी सेवाओं को चकाचक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कल्याण में एक नर्सिंग कॉलेज खुलने वाला है। बंगाल के कंचरापारा में जिस 5000 कोच की क्षमता वाले ईएमयू/एमईएमयू के उत्पादन की इकाई खोले जाने की बात कही है, उसका सबसे ज्यादा फायदा मुम्बई को ही मिलने वाला है, क्योंकि यही एक ऐसा शहर है जहां एमईएमयू के ट्रेनों की खपत सबसे ज्यादा होती है। जानकारों के अनुसार सुदूर उपनगरों में असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लाखों ऐसे हैं, जिन्हें 'इज्जत' स्कीम का सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा और उन्हें लोकल का पास 25 रुपए में मिल सकेगा। इन सबके बरक्स, मुम्बई से खुलने वाली 11 नई मेल ट्रेनें शुरू की गई हैं 'मुम्बई-दिल्ली युवा ट्रेन' की बात करें तो इसके जरिए महज 299 रुपए में मुम्बई से दिल्ली जाया जा सकता है। मुम्बई को मिले इस 'ट्रीटमेंट' को सही ठहराते हुए सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा है कि दरअसल सारा दारोमदार मुम्बई की लोकल एजेंसियों, मसलन राज्य सरकार, बीएमसी, एमआरवीसी आदि के ऊपर हैं। वो बताते हैं कि मत भूलिए कि 'रेल मंत्री जी ने साफ तौर पर कहा है कि एमयूटीपी के प्रोजेक्टों को पैसे की कमी नहीं पड़ने दी जाएगी।

36 वर्षीय स्टार ने इस बात से इंकार किया कि उन्होंने 20 साल की उनकी हाउस मेड से रेप किया था।

अपनी नौकरानी के साथ रेप के आरोप में जेल में बंद फिल्म स्टार शाइनी आहूजा ने लोकल कोर्ट में अपने वकील के जरिए जमानत की अपील की। उन्होंने कहा कि वह छवि को दागदार करने और धन उगाही के सोचे-समझे षडयंत्र का शिकार बने हैं। 36 वर्षीय स्टार ने इस बात से इंकार किया कि उन्होंने 20 साल की उनकी हाउस मेड से रेप किया था। उन्होंने दावा किया कि उसकी मर्जी से यह सब हुआ। बहरहाल पुलिस ने उनकी रिहाई का विरोध किया, जिसके बाद सेशन कोर्ट ने सुनवाई 7 जुलाई तक के लिए टाल दी। शाइनी खुद कोर्ट नहीं आए लेकिन उनके वकील श्रीकांत शिवड़े ने उनकी जमानत का विरोध करने वाले सरकारी वकील के तर्कों का जवाब देने के लिए समय मांगा। सरकारी वकील आर. वी. किनी ने कहा कि शाइनी को इस समय जमानत देने से जांच प्रभावित होगी क्योंकि वह प्रभावशाली व्यक्ति हैं और सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं या पीड़ित को डरा-धमका सकते हैं। उन्होंने कहा कि डीएनए और डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर शाइनी के खिलाफ मजबूत मामला है। किनी ने कहा कि जब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हो जाती तब उन्हें जमानत पर रिहा नहीं किया जाना चाहिए।

Thursday, July 2, 2009

हर घंटे औसतन 6,000 गाड़ियां गुजरीं और सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कुल 72,000 गाड़ियों ने इस ब्रिज का उपयोग किया।

मुम्बई शहर के दूसरे गेटवे का दर्जा पाने वाले बांदा-वर्ली सी-लिंक के बजट और समय को लेकर भले ही लोगों में अलग-अलग राय हो, मगर बुधवार को जब यह आम जनता के लिए फ्री में खोला गया तो उसे इतना अच्छा रिस्पांस मिला कि ब्रिज और उसके अप्रोच रोड पर ट्रैफिक जाम सी स्थिति हो गई। बुधवार को गाड़ियों का ऐसा तांता लगा कि कुछ मिनटों के इस सफर को पूरा करने में लोगों को घंटों लग गए। ट्रैफिक पुलिस के एक आकलन के मुताबिक इस सी-लिंक से सफर का तुत्फ उठाने के लिए हर घंटे औसतन 6,000 गाड़ियां गुजरीं और सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कुल 72,000 गाड़ियों ने इस ब्रिज का उपयोग किया। महाराष्ट्र स्टेट रोड डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (एमएसआरडीसी) के अधिकारी ने बताया कि यह संख्या हमारी उम्मीदों से कहीं ज्यादा थी। सुबह 10 बजे तक 15,000 से भी ज्यादा वाहन पुल से गुजर चुके थे। चूंकि मौसम सुहावना है, इसलिए वाहनों की तादाद और बढ़ने की ही उम्मीद है। समुद्री पुल का इस्तेमाल करने वालों में ज्यादातर युवा और परिवार वाले थे, जो यहां पुल की खूबसूरती देखने आए थे। हैरानी की बात नहीं कि 5.6 किलोमीटर लंबे इस रास्ते को पार करने में एक घंटे से भी ज्यादा का वक्त लगा। इसके उलट इकलौता वैकल्पिक रास्ता कहे जाने वाले माहिम कॉजवे पर ट्रैफिक नदारद था जहां आम दिनों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति हो जाया करती थी। समुदी पुल के दोनों छोर उत्तरी (बांदा) और दक्षिणी (वलीर्) पर सुबह से ही भारी ट्रैफिक था। विले पालेर् में रहने वाले सॉफ्टवेयर प्रफेशनल दुकूल पांड्या ने बताया कि मैं परिवार के साथ सुबह 9 बजे ही पुल पर पहुंच गया था, पर वर्ली साढ़े 11 बजे से पहले नहीं पहुंच पाया था। माना जा रहा है कि मुम्बईकरों का यह रेला 5 जुलाई तक चलने वाला है, क्योंकि इस दिन तक इस ब्रिज से गुजरने वाले कारों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। एक्सपर्ट्स की राय में यह देखना दिलचस्प होगा कि 6 जुलाई से कितने यात्री इस ब्रिज का उपयोग करेंगे, क्योंकि इसका जो टोल टैक्स फिक्स किया गया है, अपेक्षाकृत ज्यादा बताया जा रहा है।
बांदा से वर्ली जाने वाले यात्रियों को वलीर् एंड पर कुछ दूसरे ही अनुभव का सामना करना पड़ा। जैसे ही वर्ली एंड पर ब्रिज का सिरा खत्म हुआ वहां लोगों को बीजेपी के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे इन कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस सी-लिंक का नामकरण वीर सावरकर के नाम पर होना चाहिए, न कि राजीव गांधी के नाम पर। उनका कहना था कि विकास के इस नाम पर कम से कम राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Tuesday, June 30, 2009

सोनिया गांधी मंगलवार को बांद्रा-वर्ली सी लिंक का उद्घाटन करेंगी।

यूपीए की चेयरपर्सन और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को बांद्रा-वर्ली सी लिंक का उद्घाटन करेंगी। गांधी इससे पहले मालेगांव में नवनिर्मित अस्पताल का उद्घाटन कर दोपहर बाद मुंबई आएंगी। बांद्रा साइड में शाम 4 बजे सी लिंक का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर एक सार्वजनिक सभा भी होगी। सोनिया गांधी के अलावा एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी सभा को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद सोनिया और पवार की संयुक्त सभा को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता विलासराव देशमुख और बालासाहेब विखेपाटील लगातार मांग कर रहे हैं कि कांग्रेस को विधानसभा का चुनाव अलग लड़ना चाहिए अर्थात एनसीपी से गठबंधन न किया जाए। इस मांग के मद्देनजर सोनिया और पवार के एक मंच से होने वाले भाषण से गठबंधन की दिशा में कुछ संकेत मिलने की उम्मीद पार्टी कार्यकर्ताओं को है। वैसे पावर कह चुके हैं कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रखना चाहती है लेकिन कांग्रेस यदि ऐसा नहीं चाहती है तो एनसीपी अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उद्घाटन के दौरान राज्यपाल एस सी जमीर, मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस ने सी लिंक को जनता के लिए खोलने का स्वागत किया है और आम लोगों तथा पर्यटनों के आकर्षण का केंद्र बनने वाले सी लिंक पर से बेस्ट की बसें भी चलाई जा रही हैं। बेस्ट बसों को टोल मुक्त कराने की मांग कांग्रेस ने की है और संभावना है कि सरकार इसे मान्यता दे देगी। बेस्ट बसों को टोल फ्री करने से बेस्ट के यात्रियों पर किराया के अतिरिक्त भार नहीं आएगा। सी लिंक को जनता के लिए खोलने की पूर्व संख्या पर इस पर रोशनी की गई और सतरंगी आतिशबाजी की गई।

Sunday, June 28, 2009

इनकम टैक्स चोरी की सूचना देने वाले मुखबिरों ने सोमवार से भूख हड़ताल पर

इनकम टैक्स चोरी की सूचना देने वाले मुखबिरों ने सोमवार से भूख हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इन मुखबिरों का दावा है कि पिछले बीस सालों से इन्हें 127 करोड़ रुपये का ईनाम नहीं मिला है। देवेंद्र डॉक्टर नाम के एक मुखबिर ने बताया कि पिछले दो दशकों में हमारी मदद से अधिकारियों ने 1,270 करोड़ रुपये टैक्स जमा करवाया है। लेकिन हमें ईनाम की रकम नहीं मिली। इसके विरोध में पांच मुखबिरों का एक समूह सोमवार आजाद मैदान में भूख हड़ताल करेगा। यह पहली बार है कि मुखबिर ईनाम की रकम को लेकर खुले तौर पर अपना विरोध जता रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक, मुखबिर अपनी सूचना के आधार पर बरामद कर की राशि का 10 फीसदी ईनाम के तौर पर पाने के हकदार होते हैं।

Tuesday, June 23, 2009

रात चारकोप में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई।

एक सनीखेज घटना में सोमवार रात चारकोप में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त सुरेखा नरवेकर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 72 वर्षीय सुरेखा चारकोप के सेक्टर नंबर चार में धवलगिरी सोसाइटी में अकेली रहती थीं। उनके पति की 6 साल पहले मौत हो गई थी। उनका बेटा कांदिवली में ही किसी और बिल्डिंग में रहता था। सोमवार रात दस बजे जब वह अपनी मां से मिलने आया, तो उसने घर के बाहर ताला लटका देखा। उसे इस पर आश्चर्य हुआ। बाद में उसे घर के अंदर से दुर्गंध आती हुई भी महसूस हुई। इस पर उसे कोई अनहोनी की आशंका हुई और उसने फौरन पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में जब घर का दरवाजा खोला गया, तो बेड के नीचे सुरेखा की लाश पड़ी हुई थी। पुलिस के अनुसार सुरेखा का मर्डर कपड़े धोने वाले मोगरा से किया गया था। हत्यारा घर से करीब सवा लाख रुपए के आभूषण भी ले गया है। पुलिस को आशंका है कि यह मर्डर संभवत: शनिवार या रविवार को किया गया। हत्यारे ने हत्या के बाद घर के बाहर जो ताला लगाया, पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि वह ताला हत्यारा खुद अपने साथ लाया था या यह सुरेखा के घर का था?

Sunday, June 21, 2009

महानगर में और भी होटेलों की जरूरत पड़ेगी।

मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा है कि महानगर में होटेल व्यवसाय को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार नई नीति बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुम्बई महानगर को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के तौर पर विकसित करना चाहते हैं। इससे महानगर में और भी होटेलों की जरूरत पड़ेगी। गोरेगांव में रॉयल पाम बिल्डर्स के होटेल 'इंपीरियल' के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि हर चीज को सरकार के नियंत्रण में रखना जायज नहीं है। किसी उद्योग के विकास में लाइसंस लाकर बांधा नहीं पैदा करना चाहिए। वित्तीय केंद्र के तौर पर शहर को डिवेलप करने के लिए यहां की बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत करना होगा। खासकर, यहां की सड़कों और यहां के होटेल उद्योग को बढ़ावा देने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे भी यहां के होटेल व्यवसाय को बढ़ावा देना जरूरत है और इसके लिए वे जल्द ही होटेल व्यवसायियों और पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और इस उद्योग को कैसे और भी बढ़ावा दिया जा सकता है उनसे विचार विमर्श करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानगर में एक नया हवाई अड्डा बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं।