Friday, March 13, 2009

मराठी व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाए

एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार अब खुले तौर पर मराठी व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाए जाने के समर्थन में आ गए हैं। पवार ने कहा है कि अगर यूपीए और एनडीए लोकसभा चुनाव में जादुई आंकड़ा नहीं छू पाते तो, कुछ भी हो सकता है। पश्चिमी महाराष्ट्र की माधा लोकसभा सीट में प्रचार अभियान के दौरान पवार ने कहा कि राज्य की जनता यह महसूस करती है कि देश की इस टॉप जॉब के लिए अब महाराष्ट्र को भी एक मौका मिलना चाहिए। अब तक आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक के नेताओं को यह मौका मिल चुका है। केंद्रीय कृषि मंत्री पवार ने कहा कि कांग्रेस ने एनसीपी के उस प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया है, जिसमें एक अजेंडा व एक नेता की अगुआई में प्री पोल अलायंस की बात कही थी। कांग्रेस सिर्फ राज्य स्तर पर अलायंस चाहती है। टीवी चैनलों से बातचीत में पवार ने एक तरह से चुनावों के बाद प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार तय करने के समय के लिए यूपीए सहयोगियों को विचार का एक मुद्दा दे दिया है। पवार ने मराठी मानुष की वकालत तो की पर साथ ही माना कि एनसीपी के पास इतनी सीटें नहीं होंगी कि वह पीएम पद के लिए दावा ठोक सके। पर साथ ही कहा कि चुनावों के बाद किसी भी पार्टी को बहुमत न मिलने की स्थिति में नवगठित तीसरा मोर्चा अहम भूमिका अदा कर सकता है। प्रचार अभियान के दौरान पवार का जोर लगातार इस बात पर रहा कि समान विचारधारा वाली पार्टियों को एक साथ आकर मजबूत और स्थायी सरकार देने की जरूरत है। खासकर ऐसे वक्त जब देश आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। गौरतलब है कि शिव सेना भी पीएम पद के लिए मराठी मानुष को समर्थन देने की बात कहती रही है, जिस पर एनडीए खासकर बीजेपी में खासा विवाद रहा है। एनसीपी चीफ पवार ने कहा भी कि शिव सेना की मराठी व्यक्ति को सपोर्ट करने की पॉलिसी राष्ट्रपति चुनाव में भी जाहिर हो चुकी है, जब प्रतिभा पाटिल की उम्मीदवारी को पार्टी ने समर्थन दिया था।

Tuesday, March 10, 2009

सीनियर कम्यूनिस्ट नेता प्रभाकर सांजगिरि का सोमवार देर रात निधन

सीनियर कम्यूनिस्ट नेता प्रभाकर सांजगिरि का सोमवार देर रात निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और कुछ दिन से बीमार थे।

सांजगिरि के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुंबई के सबर्ब विकरोली में अपने घर उन्होंने आखिरी सांस ली।

सांजगिरि सीपीएम की महाराष्ट्र इकाई के 17 वर्ष तक महासचिव रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं और किसान मजदूरों के लिए अनेक आंदोलनों का नेतृत्व किया।

Sunday, March 8, 2009

अनुदान का चेक देने के बदले 4500 रुपये की रिश्वत मांगने वाले एंजीनियर इंगले को रंगे हाथों गिरफ्तार

कुआं खोदने के अनुदान का चेक देने के बदले 4500 रुपये की रिश्वत मांगने वाले एंजीनियर इंगले को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इंगले रूरल वॉटर सप्लाई व निर्माण कार्य विभाग से जुड़ा था। माची गांव पनवेल में स्व-जलधारा योजना के तहत कुआं खोदने के लिए 2,70,800 रुपये मंजूर हुए थे। इस कार्य की अंतिम किश्त 85,500 का चेक देने के लिए इंगले ने पांडुरंग पारधी से दस हजार रुपये की मांग की तथा 4500 रुपये पर इंगले चेक देने की बात मान गया। इसकी शिकायत पारधी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कर दी तथा बुधवार की रात रिश्वत के रुपये स्वीकार कर रहे इंगले को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

Friday, March 6, 2009

दोस्त पर बिजनसमन की वाइफ ने गे रिलेशनशिप रखने के आरोप में मुकदमा ठोक दिया

मुंबई की एक कोर्ट आजकल एक अजीब केस की सुनवाई कर रही है। एक अमीर बिजनसमन और उनके एक दोस्त पर बिजनसमन की वाइफ ने गे रिलेशनशिप रखने के आरोप में मुकदमा ठोक दिया है। इन दोनों को अग्रिम जमानत लेकर जेल से जान छुड़ानी पड़ी। गामदेवी पुलिस ने रतन श्रीवास्तव (39)और उनके एक दोस्त के खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 377 के तहत होमोसेक्शुअल रिलेशनशिप रखने का केस दर्ज किया है। रतन की शादी 1994 में पूजा (37) से हुई थी। इनका 8 साल का एक बेटा भी है। पूजा ने आरोप लगाया है कि रतन एक होमोसेक्शुअल हैं। उनके कई आदमियों से रिलेशन रहे हैं, जिससे उनकी मैरिड लाइफ पर असर पड़ रहा है। पूजा ने कहा कि वह कई बार रतन को काउंसिलर के पास भी लेकर गईं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि उनके पास ऐसी सीडी भी हैं, जिनमें रतन को आदमियों के साथ गैरमुनासिब हालत में देखा जा सकता है। अपनी बेल ऐप्लिकेशन में रतन ने इस बात से इनकार नहीं किया है कि वह होमोसेक्शुअल हैं।

Thursday, March 5, 2009

आतंकवादी बड़ी आसानी से बच निकले

लाहौर में श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर जानलेवा हमला कर आतंकवादी बड़ी आसानी से बच निकले और पाकिस्तान की पुलिस बस हाथ मलती रह गई। अब पाकिस्तान इस हमले का कनेक्शन भारत से जोड़ रहा है। पाकिस्तान के एक मंत्री की माने तो इस हमले के पीछे भारत का हाथ है और आतंकी भारत से आए थे। पाकिस्तान के शिपिंग राज्यमंत्री सरदार नबील अहमद गबोल ने कहा, 'हमें अब तक जो सबूत मिले हैं, वह बताते हैं कि हमलावर भारत की तरफ से आए थे।' उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान को पूरी दुनिया में बदनाम करने की साजिश है। उनका कहना था कि यह मुंबई पर हुई हमले का बदला था। यही नहीं गबोल ने इसे भारत की तरफ से खुली जंग तक कह डाला। बता दें कि गबोल आसिफ अली जरदारी की पार्टी से ही हैं।

Monday, March 2, 2009

गैंगरेप केआरोप में समता नगर के चार युवक पकडे गए

गैंगरेप केआरोप में समता नगर के चार युवक पकडे गए

समता नगर पुलिस ने चार युवकों को 17 साल की एक लड़की के साथ गैंगरेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चारों युवक 19 से 22 साल की उम्र के हैं। हालांकि युवकों के परिवार वालों को कहना है कि लड़की द्वारा इन युवकों को फंसाया गया है। परिवारवालों के अनुसार लड़की का आरोप है कि यह रेप करीब छह हफ्ते पहले हुआ था। ऐसे में लड़की ने उस समय शिकायत दर्ज क्यों नहीं करवाई। गिरफ्तार युवकों के नाम हैं-दीपक पांडे, सुजीत मोहिते, अभिजीत गायकवाड और महेश पाटिल। पांडे पर पिछले साल एक ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल की पिटाई का भी आरोप है। लड़की ठाकुर विलेज में अपनी बहन और मां-बाप के साथ रहती है। लड़की का आरोप है कि चारों लड़कों ने उसके साथ छह हफ्ते पहले गैंगरेप किया और बाद में उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो उसकी खैर नहीं। इस बीच आरोप है कि लड़के उसे इस बात के लिए ब्लैकमेल करते रहे कि उसकी न्यूड फोटो उनके पास है। इसके लिए उससे 2 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

Sunday, March 1, 2009

नई पार्टी में शामिल होना आम बात है

मौसम है चुनावों का तो पार्टी छोडना और नई पार्टी बनाना या नई पार्टी में शामिल होना आम बात है
महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गोविंद राव आदिक ने रविवार को
कांग्रेस छोड़कर नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी)का दामन थाम लिया। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही गोविंद राव आदिक ने यह कहकर ध्यान खींचा था कि एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार को अगला प्रधानमंत्री होना चाहिए। इस बयान के बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि आदिक कांग्रेस छोड़ सकते हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र आदिक का जाना कांग्रेस के लिए खासा नुकसानदेह हो सकता है।